इदरीश मोहम्मद, पन्ना। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और महिलाओं को लेकर दिए गए कथित अमर्यादित बयानों के विरोध में आज पन्ना जिला मुख्यालय पर यादव समाज एवं श्रीकृष्ण भक्तों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और शास्त्री पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग की।
यादव महासभा के जिलाध्यक्ष ने शास्त्री पर ढोंग की दुकान चलाने और समाज का सौहार्द बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि 15 से 20 दिनों के भीतर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। पूर्व बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बाबूलाल यादव समेत कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने भी इस तरह के बयानों को समाज के लिए घातक बताते हुए इनके पूर्ण बहिष्कार की बात कही है।
समाज के लोगों ने स्पष्ट किया है कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और यदि प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो यादव समाज उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

