Anti Corruption Bureau Haryana : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। यमुनानगर के सिंचाई विभाग में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर और बेलदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी।

बिल पास करने के बदले घूस का खेल

शिकायतकर्ता एक ठेकेदार है। उसने ब्यूरो को बताया कि उसके विभाग में सभी बिल पेंडिंग थे। सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार ने जानबूझकर बिल रोक रखे थे। शिकायत के अनुसार, इंजीनियर ने फोन पर बिल पास करने के बदले पैसों की मांग की। इंजीनियर ने इस रिश्वत को लेने के लिए अपने साथ काम करने वाले बेलदार करमजीत को भेजा।

ट्रैप लगाकर रंगे हाथ पकड़ा

शिकायत मिलते ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक ठेकेदार ने 45 हजार रुपये की राशि बेलदार करमजीत को सौंपी। बेलदार ने जैसे ही यह राशि इंजीनियर सौरभ कुमार को पहुंचाई, टीम ने दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। ब्यूरो ने दोनों के खिलाफ पंचकूला थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख

ब्यूरो के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इंजीनियर ने सीनियर अधिकारियों के नाम पर भी पैसे मांगे थे। ब्यूरो अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m