परवेज खान,यमुनानगर। हरियाणा में हरियाली के मामले में यमुनानगर ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। ताजा डिजिटल गणना के अनुसार जिले में 60 लाख से अधिक पेड़ दर्ज किए गए हैं, जो पूरे हरियाणा के कुल पेड़ों का लगभग 14.86 प्रतिशत है।

यह उपलब्धि यमुनानगर को राज्य का सबसे हराभरा जिला बनाती है। इस सफलता में कलेसर नेशनल पार्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, वहीं कृषि वानिकी (एग्रो फॉरेस्ट्री) मॉडल ने भी जिले में हरियाली बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।

हजारों किसानों ने रोपे पौधे
जिले के हजारों किसानों ने अपनी खेती के साथ पॉपुलर और सफेदा जैसे पेड़ों का बड़े पैमाने पर रोपण किया, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला बल्कि किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हुई।

किसानों, सरकार और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम : पूर्व पर्यावरण मंत्री कंवरपाल गुर्जर
इस उपलब्धि पर पूर्व पर्यावरण मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता किसानों, सरकार और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एग्रो फॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों का सकारात्मक असर अब सामने आ रहा है।

यमुनानगर की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बन गई है, जो पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।