यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में प्राइवेट बस में फर्जी टिकट देने का विरोध करने पर कांग्रेस के जिला सचिव बलराज कौशिक के साथ मारपीट करने और उन पर बस चढ़ाने का मामला सामने आया है. 19 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे मिनी सचिवालय के सामने बस चालक और कंडक्टर ने उन्हें जबरन बस से उतारकर डंडे से पीटा और जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-17 हुड्डा जगाधरी पुलिस ने बस चालक सुमेर चंद और कंडक्टर राम रतन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
कमानी चौक से बस में सवार हुए थे कांग्रेस सचिव
विष्णु नगर निवासी बलराज कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कांग्रेस पार्टी के यमुनानगर जिला सचिव हैं. 19 अगस्त की सुबह करीब 9:45 बजे वह सेक्टर-17 हुड्डा में एक परिचित के घर जाने के लिए कमानी चौक से लाल रंग की प्राइवेट बस में सवार हुए थे. वहां से उन्हें आगे चंडीगढ़ जाना था. उन्होंने कंडक्टर को 5 रुपये देकर सिटी अस्पताल तक का टिकट मांगा, जिस पर कंडक्टर ने मशीन से टिकट निकालकर थमा दिया.
2021 की पुरानी टिकट पकड़ाई, विरोध करने पर मारपीट
सुबह करीब 10 बजे मिनी सचिवालय और डीसी कार्यालय के गेट के सामने ड्राइवर ने बस रोक दी और कंडक्टर ने उन्हें वहीं उतरने को कहा. बलराज ने सिटी अस्पताल तक का टिकट होने की बात कहते हुए जेब से टिकट निकाला तो उस पर 05 मई 2021 की तारीख दर्ज थी. टिकट फर्जी होने का विरोध करने पर कंडक्टर ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जबरन बस से नीचे उतार दिया. इसके बाद ड्राइवर बांस का डंडा लेकर नीचे उतरा और कंडक्टर द्वारा रास्ता रोकने पर उसने बलराज के बाएं पैर पर डंडे से 5-6 वार किए.
सड़क पर बस चढ़ाने की कोशिश, केस दर्ज
मारपीट के बाद दोनों आरोपियों ने किसी को बताने या शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और बस लेकर आगे बढ़ गए. जब बलराज सड़क किनारे पैदल अस्पताल की ओर जाने लगे, तो ड्राइवर ने बस को उनकी तरफ मोड़कर कुचलने का प्रयास किया, जिससे उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई. मानसिक रूप से परेशान बलराज ने रात में पैर का दर्द बढ़ने पर सिविल अस्पताल जगाधरी में मेडिकल कराया. पुलिस ने जठलाना निवासी बस चालक सुमेर चंद और लवाना निवासी कंडक्टर राम रतन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

