Yamunanagar News : यमुनानगर। कहते हैं कि गुस्सा इंसान की मति मार देता है और जब यह गुस्सा सिर चढ़कर बोलता है, तो हंसते-खेलते परिवार पल भर में तबाह हो जाते हैं। यमुनानगर के प्रताप नगर इलाके के देवधर गांव से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फोन पर हुई मामूली सी कहासुनी इस कदर खौफनाक मोड़ ले लेगी, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था।

रिश्ते की मिठास में घुला गुस्से का जहर

जानकारी के मुताबिक, खदरी के रहने वाले 20 साल के जावेद का रिश्ता देवधर गांव में उसकी मौसी की बेटी के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था और शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार की शाम को मंगेतर और जावेद के बीच फोन पर किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच फोन पर ही तीखी कहासुनी हो गई।

घर में घुसकर किया जानलेवा हमला

फोन पर हुआ यह झगड़ा जावेद के सिर पर इस कदर सवार हुआ कि वह अपना आपा खो बैठा। गुस्से से तमतमाया जावेद देर शाम सीधे देवधर गांव में अपनी मंगेतर के घर पहुंच गया। उस वक्त लड़की घर पर अकेली थी और परिवार का कोई दूसरा सदस्य वहां मौजूद नहीं था।

जावेद ने घर में घुसते ही बिना कुछ सोचे-समझे अपनी मंगेतर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने सीधे लड़की की गर्दन पर चाकू घोंप दिया।

गर्दन पर आए 20 टांके, हालत गंभीर

वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ लड़की की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में घायल युवती को पहले पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज तो किया, लेकिन गर्दन पर घाव बहुत ज्यादा गहरा होने के कारण उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती की गर्दन पर करीब 20 टांके लगाए हैं, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी नमूने इकट्ठा किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की पूरी छानबीन कर रही है। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे देवधर गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m