यमुनानगर। जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में 15 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे कुत्तों के आपस में भौंकने को लेकर हुए विवाद के बाद दो भाइयों ने एक युवक और उसकी मां पर पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया और बाद में लोहे की राड से हमला कर दिया। इस हमले में प्लंबर का काम करने वाला रमन कुमार और उसकी मां रेखा रानी घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी भाइयों आशु और कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुत्तों के भौंकने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत में बलाचौर निवासी रमन कुमार ने बताया कि वह 15 सितंबर की शाम अपने परिवार के साथ घर के सामने गली में बैठा था और उनका पालतू कुत्ता भी वहीं मौजूद था। उसी समय गांव का आशु अपने पिटबुल कुत्ते को लेकर गली से गुजर रहा था। रमन के कुत्ते को आशु के पिटबुल पर भौंकता देख विवाद की शुरुआत हो गई।

कुत्ते को पीटने के बाद मां-बेटे पर छोड़ा पिटबुल

आरोप है कि विवाद बढ़ते ही आशु और उसका भाई कुनाल हाथ में लोहे की राड लेकर मौके पर पहुंचे और रमन के कुत्ते को पीटने लगे। जब रमन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों भाइयों ने झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान आशु ने अपना पाला हुआ पिटबुल कुत्ता रमन और उसकी मां पर छोड़ दिया।

पिटबुल के काटने के बाद लोहे की राड से हमला

पिटबुल ने रमन की टांग पर काट लिया और बीच-बचाव करने आई उसकी मां रेखा रानी को भी बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले के बाद जब रमन ने विरोध जताया, तो दोनों भाइयों ने लोहे की राड से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में रमन को शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने दर्ज किया केस

छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पीड़ित रमन कुमार की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, कुत्ते के हमले तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m