गुरुग्राम। आज तड़के यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर कैल बाईपास के पास सड़क हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए। चंडीगढ़ कमांड से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रही स्विफ्ट डिजायर कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। कार में चार लोग सवार थे। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

जाम में खड़ी थी एयरफोर्स की कार

गाड़ी के चालक धीरेंद्र ने बताया कि वे चंडीगढ़ से सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे। यमुनानगर में कैल बाईपास के पास हाईवे पर एक गाड़ी खराब होने के कारण जाम लगा हुआ था। इस वजह से उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी थी।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार डिवाइडर को पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची।

लोगों ने कार से अधिकारियों को बाहर निकाला

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने कार में फंसे एयरफोर्स अधिकारियों को बाहर निकाला। तीन घायल अधिकारियों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही एयरफोर्स के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।

फरार ट्रक चालक की तलाश

हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हुए हैं। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m