यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में कैल गांव के पास कचरा प्लांट के सामने तेज रफ्तार पिकअप ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार हरियाणा रोडवेज की बस से जा भिड़ी और फिर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इसी दौरान पिकअप की टक्कर आगे चल रहे स्कूटी सवार से भी हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार पदम प्रकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान गांव भंभौली निवासी पदम प्रकाश पुत्र रोशन लाल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीछे से आई पिकअप, कार बस और पेड़ से टकराई

गांव कान्हड़ी कलां निवासी दीपक ने पुलिस को बताया कि वह एसी रिपेयर का काम करता है। वह अपनी स्विफ्ट कार से निजी काम के लिए जगाधरी जा रहा था। उसकी कार के आगे एक स्कूटी चल रही थी।

दीपक के मुताबिक, गांव कैल से कुछ आगे कचरा प्लांट के सामने पहुंचने पर पीछे से आ रही बलेरो पिकअप ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार आगे चल रही हरियाणा रोडवेज की बस से जा भिड़ी। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार को काफी नुकसान हुआ।

स्कूटी सवार सड़क पर गिरा

पिकअप की टक्कर कार के आगे चल रहे स्कूटी सवार से भी हुई। टक्कर के कारण स्कूटी चालक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप भी कचरा प्लांट के सामने पुलिया के पास पलट गई।

मौके पर मौजूद पिकअप चालक ने अपना नाम अमित बताया। वह चौपड़ा गार्डन, जगाधरी का निवासी है। वहीं घायल स्कूटी चालक की पहचान पदम प्रकाश निवासी गांव भंभौली के रूप में हुई।

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

हादसे की जानकारी मिलने पर पदम प्रकाश का भाई सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचा। उसने डायल-112 की मदद से पदम को सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना पर पुलिस टीम कचरा प्लांट के सामने पहुंची थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और स्विफ्ट कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया।

अस्पताल से पदम प्रकाश की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। दीपक के बयान और अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर थाना सदर जगाधरी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m