यमुनानगर। रादौर विकासखंड के गांव संधाला में रविवार रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक के बाड़े में घुसकर उसकी भेड़ों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में 35 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि पांच भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं। घटना से पशुपालक परिवार को करीब 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हरिचंद ने बताया कि वह भेड़ पालन का काम करता है और उसकी करीब 70 भेड़ें घर के पास बने बाड़े में रहती हैं। रोजाना की तरह उसके पिता प्रकाशचंद रात में भेड़ों की रखवाली कर रहे थे। बारिश शुरू होने के कारण वह कुछ समय के लिए घर चले गए। इसी दौरान कुत्तों का झुंड बाड़े की दीवार फांदकर अंदर पहुंच गया और भेड़ों पर टूट पड़ा।
सुबह बाड़े में पहुंचे परिजनों को वहां कई भेड़ें मृत मिलीं। पांच भेड़ें गंभीर हालत में पड़ी थीं। घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर मृत भेड़ों की जांच की।
हरिचंद के अनुसार, वह करीब 15 दिन पहले ही अपनी भेड़ों को दूसरे स्थान से संधाला लेकर आया था। उसने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवारा कुत्तों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह मदद के लिए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से भी मुलाकात करेगा।
हरिचंद ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह आवारा कुत्तों के झुंड ने उसके छोटे भाई बंटी की भेड़ों पर हमला किया था। उस घटना में 30 से 35 भेड़ें मारी गई थीं और परिवार को काफी नुकसान हुआ था। तब कृषि मंत्री ने परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी।
ग्रामीणों ने गांव में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से अभियान चलाकर इन्हें पकड़ने और पशुपालकों के बाड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

