कृष्ण कुमार सैनी , यमुनानगर।जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को हिला दिया। गांव मानकपुर के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष और दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुकी और चालक मौके से भागने की कोशिश करता रहा।

घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर बस चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में बस चला रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि चालक का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।