मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सपा पर निशाना साधा. उन्होंने सपा पर राजनीतिक रुख बदलने का आरोप लगाते हुए P की परिभाषा को लेकर टिप्पणी की.
लखनऊ. शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सपा के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाते हुए P की परिभाषा को लेकर टिप्पणी की.
सपा पर योगी का हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग परिभाषाएं बदलते रहते हैं. उन्होंने कहा कि पहले P की परिभाषा पिछड़ा से की गई और फिर पंडित से की गई.
योगी ने कहा, “आप देखिएगा, ये लोग एक दिन P की परिभाषा पाकिस्तान से भी कर देंगे.”
कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उन्हें तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला और ये तीनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े थे.

योगी ने कहा कि बाबू कल्याण सिंह का निधन उनके लिए असहनीय क्षति थी. उन्होंने बताया कि निधन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ आए थे और अंतिम संस्कार में वह स्वयं तथा उनकी पूरी कैबिनेट मौजूद थी.
राष्ट्रसेवा को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा. उन्होंने पिछड़ों, दलितों और वंचितों के उत्थान के लिए काम किया और उनके आदर्श आज भी प्रदेश की राजनीति को दिशा देते हैं.
योगी ने कहा कि कल्याण सिंह के बताए मार्ग पर चलकर ही प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सकता है.
सपा पर फिर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य शिष्टाचार के तहत मायावती ने आकर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी. इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें काफी द्वेष है और उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से जाकर श्रद्धांजलि देने के बजाय शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया.
योगी ने इसे अपमान बताते हुए कहा कि यह जातीय अपमान और हर सनातन हिंदू का अपमान था.
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

