मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर बाद बुलंदशहर के शिकारपुर पहुंचे और दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की, अनिल शर्मा का दो सितंबर को दिल्ली के अस्पताल में निधन हुआ था.

 बुलंदशहर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर बाद बुलंदशहर पहुंचे. उन्होंने शिकारपुर क्षेत्र के गांव रानऊ स्थित अवंतिका फार्म हाउस में दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के स्वजन से मुलाकात की और उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की.

फार्म हाउस पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए फार्म हाउस के पास हेलीपैड बनाया गया था. उनके दौरे को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.

इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट की.

दो सितंबर को निधन

शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा का गत दो सितंबर को दिल्ली के बीएलके मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पुत्र से मोबाइल पर बातचीत कर दुख व्यक्त किया था.

बुलंदशहर जिले के ग्राम सूरजावली निवासी अनिल शर्मा की उम्र 63 वर्ष थी. वह पूर्व वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री भी रहे थे और शिकारपुर से विधायक थे.

अनिल शर्मा कैंसर से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था. उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री ने अब बुलंदशहर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की.