गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला. मुख्यमंत्री ने दुबई और कथित अवैध कमाई का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने विदेशों में अपनी अवैध संपत्ति और पैसा छिपाकर रखा है.

योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, “मिसाइल दुबई में गिर रही थी, चिल्लाहट यहां मची थी.” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कुछ नेताओं का पैसा विदेशों में लगा हुआ है, इसलिए वहां होने वाली घटनाओं से उनकी चिंता बढ़ जाती है. गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को कई बड़ी सौगातें भी दीं.

इसे भी पढ़ें- 2027 चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव… यूपी की चुनावी कमान विनोद तावड़े के हाथ, संगठन को मजबूत करने की तैयारी

उन्होंने प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की. इसके अलावा ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की और जवानों के खातों में 3000 रुपये वर्दी भत्ते की राशि ट्रांसफर की.

दुबई और अवैध कमाई को लेकर विपक्ष पर निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेरिका-ईरान तनाव और दुबई में मिसाइल हमलों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब दुबई में मिसाइलें गिर रही थीं तो कुछ लोगों के घरों में चिंता बढ़ गई थी. योगी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने प्रदेश में अवैध तरीके से कमाई गई संपत्ति को विदेशों में निवेश किया है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग कई पीढ़ियों के लिए संपत्ति जमा करने में लगे रहे, लेकिन अब कानून व्यवस्था बदल चुकी है और गलत तरीके से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई जारी रहेगी.

‘पहले दंगे और कर्फ्यू से पहचाना जाता था यूपी’

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान दंगे और कर्फ्यू से होती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में आम आदमी, व्यापारी और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करते थे. योगी ने कहा कि पहले बिजली, सड़क और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन पिछले वर्षों में प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने दावा किया कि अब माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, विकास का ग्रोथ इंजन: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकल चुका है और देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा विस्तार हुआ है. योगी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है.

इसे भी पढ़ें- 59 साल पुराने मदरसे पर बुलडोजर एक्शन… 6 बुलडोजर से ढहाए गए 7 कमरे, सपा नेताओं का हंगामा

पीआरडी जवानों को मिलीं कई बड़ी सौगातें

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बाढ़, सूखा, महाकुंभ, दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव, चुनाव और यातायात व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में प्रशासन और पुलिस का सहयोग किया है. उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं. मुख्यमंत्री ने जवानों से आगे भी अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनीनगर में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का रिमोट के जरिए शिलान्यास भी किया. सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं से पीआरडी जवानों की कार्य क्षमता और जीवन स्तर में सुधार आएगा.