लखनऊ. उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनावी रणनीति को धार देने के लिए बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी अपने अनुभवी नेता विनोद तावड़े को सौंप दी है. पार्टी ने उन्हें यूपी का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की. इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश के PDA दांव पर ब्रजेश पाठक का पलटवार… बोले- सपा के पास न मुद्दा है, न नीति, यूपी को किया डिस्टर्ब

विनोद तावड़े को मिली यूपी की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्य की जिम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को दी गई है. उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है. दोनों नेताओं की नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. बीजेपी नेतृत्व को उम्मीद है कि विनोद तावड़े का संगठनात्मक अनुभव उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति को मजबूती देगा.

चुनाव प्रबंधन में माहिर माने जाते हैं विनोद तावड़े

विनोद तावड़े को बीजेपी में संगठन और चुनाव प्रबंधन का अनुभवी चेहरा माना जाता है. वह इससे पहले बिहार और हरियाणा जैसे राज्यों में भी पार्टी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की जटिल राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए बीजेपी ने ऐसे नेता को जिम्मेदारी दी है, जिसके पास बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति बनाने का अनुभव है.

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की तैयारी तेज

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी लगातार संगठनात्मक बैठकों, सांसदों और पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में यूपी के सांसदों के साथ बैठक कर प्रदेश के राजनीतिक माहौल, जनता के मुद्दों और संगठन की स्थिति पर चर्चा की थी. अब प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति के बाद चुनावी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- 59 साल पुराने मदरसे पर बुलडोजर एक्शन… 6 बुलडोजर से ढहाए गए 7 कमरे, सपा नेताओं का हंगामा

यूपी में संगठन और जमीनी फीडबैक पर रहेगा फोकस

विनोद तावड़े के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश में संगठन को और मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना होगी. बीजेपी यूपी में सत्ता बरकरार रखने के लिए अभी से चुनावी समीकरणों को साधने में जुट गई है. वहीं विपक्षी दल भी सरकार को घेरने की रणनीति बना रहे हैं. ऐसे में विनोद तावड़े की नियुक्ति को बीजेपी की 2027 चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है.