मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में बहन के इलाज की समस्या लेकर पहुंचे अयोध्या निवासी श्याम सोनकर की मदद के लिए तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने बबिता को लोहिया अस्पताल भेजकर इलाज शुरू कराया और परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया.
सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान बहन के उपचार को लेकर परेशानी बता रहे भाई की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए.
जनता दर्शन में अयोध्या से आए भाई-बहन मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचे. भाई श्याम सोनकर ने बताया कि उनकी बहन बबिता गंभीर रूप से बीमार हैं. वह कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं और डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है. परिवार अत्यंत गरीब है, इसलिए इलाज में कठिनाई हो रही है और जल्द से जल्द इलाज की जरूरत है.
तत्काल अस्पताल भेजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने आवास से ही पीड़िता को एंबुलेंस से डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भिजवाया. मुख्यमंत्री के निर्देश पर डॉक्टरों की देखरेख में मरीज का इलाज तुरंत शुरू हो गया.

मुख्यमंत्री ने परिजनों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया. बहन के एडमिट होते ही श्याम सोनकर ने चैन की सांस ली. उन्होंने डॉक्टरों को बीमारी की पूरी जानकारी दी.
इलाज शुरू होते ही उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने फोन करके मुख्यमंत्री आवास को इसकी जानकारी दी और धन्यवाद ज्ञापित किया.
धन की कमी नहीं बनेगी बाधा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी.
उन्होंने प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी अनुमानित लागत की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा.
बच्ची से संवाद
इसी दौरान एक मासूम बच्ची अपनी मां के साथ आई. मुख्यमंत्री ने मां की समस्या सुनी, फिर बच्ची से बात की, उसे दुलारा और पुचकारा.
इसके बाद उन्होंने चॉकलेट मंगाई और उसके सामने रैपर खोलना शुरू किया. चॉकलेट देखकर बच्ची खिलखिला उठी.
बाबा और बच्ची के इस वात्सल्य भरे संवाद को देखकर सभी पीड़ित और उपस्थित लोग अपना दर्द भूलकर मुस्कुरा उठे. सभी ने बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री के वात्सल्य की खूब प्रशंसा की.


