मेरठ में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने 42 वर्षीय रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 27 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था और 28 अगस्त को उसे गिरफ्तार किया गया.
मेरठ. सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने 42 वर्षीय रोहित शर्मा उर्फ चुन्नु को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
फेसबुक पर विवादित पोस्ट
कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार के अनुसार, मेरठ निवासी रोहित शर्मा अपनी फेसबुक आईडी से लगातार विवादित सामग्री साझा कर रहा था. आरोप है कि उसने अलग-अलग पोस्ट के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं और महिलाओं के प्रति भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.
मामला सामने आने के बाद कोतवाली थाने में 27 अगस्त 2026 को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के आदेश पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत पुलिस ने 28 अगस्त 2026 को रोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने दी चेतावनी
कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी जनप्रतिनिधि, संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति या महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा और भड़काऊ टिप्पणियां करना कानूनन अपराध है. उन्होंने कहा कि मेरठ पुलिस ऐसे तत्वों पर पैनी नजर रख रही है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में त्वरित मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी.


