मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लेंगे. इसके बाद देवरिया और गोरखपुर में 305 करोड़ और 130.73 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे.
सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह बलिया जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लेंगे. वहीं, सरकार के निर्देश पर बांसडीह, बैरिया और सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा.
बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण के साथ-साथ मुख्यमंत्री देवरिया और गोरखपुर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास का उपहार देंगे.
देवरिया में 80 परियोजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया जिले के सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता राशि भी वितरित की जाएगी.
गोरखपुर में 170 परियोजनाएं
गोरखपुर में मुख्यमंत्री बशारतपुर स्थित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के साथ ही शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नगर निगम की 140 तथा गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 30 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.
इन कुल 170 परियोजनाओं की लागत 130.73 करोड़ रुपये है.


