गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जनपद गोरखपुर में 40 करोड़ की लागत की 119 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर उर्वरक नगर में निर्मित भव्य कल्याण मण्डपम का उद्घाटन भी किया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प प्रदेश के हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. युवाओं के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित किए जा रहे हैं. अगले 06 महीने में प्रदेश के 01 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी. बिना भेदभाव, बिना पक्षपात, योग्यता के आधार पर युवाओं को उनका अधिकार मिलेगा.
इसे भी पढ़ें : पीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में जुटेंगे NDA के मुख्यमंत्री, वडनगर-काशी से निकलेगी बाइक यात्रा
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि आज यूपी कर्फ्यू मुक्त है, दंगा मुक्त है, उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, अपराधी या तो जेल में है या दूसरे लोक की यात्रा पर जा चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे मुख्यमंत्री का दायित्व दिया, हमने मात्र 2 वर्ष में 40 वर्षों की बीमारी को समाप्त करते हुए इंसेफेलाइटिस मुक्त गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश दिया है. अब किसी मां को अपनी बेटी की शादी के लिए दहेज की चिंता करने की आवश्यकता नहीं, क्योंकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की योजना उस परिवार के लिए उपलब्ध है. सीएम ने आगे कहा कि अकेले गोरखपुर में ही 500 से ज्यादा उद्योग लगे हैं और 50 हजार नौजवानों को उसी में नौकरी मिली है.



