लखनऊ. उत्तर प्रदेश में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले सियासी बयानबाजी, अटकलें, संभावना और महत्वकांक्षाओं की बयार चल पड़ी है. योगी सरकार के मंत्री आशीष पटेल के बयान ने सूबे की सियासत में एक नई चर्चा छेड़ दी है. बयान भी कोई छोटा मोटा नहीं है. अधिकार की आड़ लेकर सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर बात कह दी गई है.

दरअसल, सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को अपना दल (सोनेलाल) का लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. राजधानी के कैसरबाग स्थित गांधी सभागार में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी. इसी समारोह में अनुप्रिया पटेल के पति और योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने एक बयान दे दिया. जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए हर समाज को मौका मिलने की बात कही.

इसे भी पढ़ें : अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल की बॉस, जानिए 2027 के लिए क्या है पार्टी का मास्टरप्लान?

आशीष पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है. लोहार, कोहार, नाई, निषाद, प्रजापति और पटेल समेत सभी जातियों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह प्रार्थना कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री के रूप में तमाम समाज के लोगों को मौका मिले. पटेल समाज का भी मुख्यमंत्री होना चाहिए.

बता दें कि इसके अलावा कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से अपने-अपने बूथ मजबूत करने में जुटने का आह्वान किया और कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान सबसे महत्वपूर्ण है. सम्मेलन में पार्टी के संविधान में प्रस्तावित संशोधनों और संगठनात्मक बदलावों को मंजूरी दी गई. इसके अलावा संगठन के विस्तार, सामाजिक न्याय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हुई.