मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व पर मथुरा, लखनऊ और गोरखपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करने के बाद गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे.
सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी पर्व पर शुक्रवार को तीन स्थलों पर मौजूद रहेंगे. सुबह मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे और शाम को लखनऊ पुलिस लाइन के आयोजन में शामिल होंगे. वहीं, देर रात मुख्यमंत्री गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे.
मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर परिसर में गोपूजन करेंगे. इसके बाद दर्शन-पूजन कर लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में श्रद्धा अर्पित करेंगे.
शाम को मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे. पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां मंदिर में झांकी दर्शन करेंगे.
आयोजन में भक्तिमय कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री आध्यात्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्ति का आनंद लेंगे.
रात्रि में गोरखपुर में जन्माष्टमी
देर रात्रि गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित होंगे.
मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ के अनुसार, महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में रात 11:30 बजे तक भजनों की प्रस्तुति निरंतर चलेगी. भजन संध्या के दौरान मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे और बच्चों को खिलौने व चॉकलेट भेंट करेंगे.
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित होगी. रात 11:30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे.
ठीक 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी. इसके बाद वे भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे.



