मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वांचल अब माफिया और मच्छर से मुक्त होकर युवा शक्ति के दम पर तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को अवसर और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया, जिसके परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं.
गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी, लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है. डबल इंजन की सरकार ने पूर्वांचल को माफिया और मच्छर दोनों से मुक्त करने का काम किया है. अब यही पूर्वी उत्तर प्रदेश अपनी युवा शक्ति के दम पर तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है.
मंगलवार को गोरखपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल में माफिया तंत्र केवल स्थानीय समस्या नहीं था, बल्कि कई दुर्दांत माफियाओं के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी थे. ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके थे. उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय सत्ता के समानांतर माफिया की सत्ता खड़ी हो गई थी और राजनीतिक लोग उनके सामने नतमस्तक होते थे.
योगी ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है. माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ पूर्वांचल में विकास और निवेश का वातावरण भी तैयार हुआ है. उन्होंने कहा कि माफिया और मच्छर से मुक्त पूर्वी उत्तर प्रदेश अब अपनी युवा शक्ति के बल पर नई अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है.
युवा को नशेड़ी कहना समस्या नहीं
मुख्यमंत्री ने युवाओं को लेकर कहा कि किसी युवा को नकारा या लांछित नहीं किया जा सकता. यदि पहले युवाओं की प्रतिभा का सही इस्तेमाल नहीं हो पाया तो इसके लिए युवा नहीं, बल्कि वह सिस्टम जिम्मेदार था, जिसने उन्हें अवसर और मंच उपलब्ध नहीं कराया.
उन्होंने कहा कि “हम अपने युवा को नशेड़ी नहीं कह सकते, हम अपने युवा के ऊपर कोई लांछन नहीं लगा सकते.” सरकार ने युवाओं को अवसर और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया, जिसके परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी देश की अर्थव्यवस्था में निचले तीन राज्यों में था, लेकिन आज टॉप थ्री इकोनॉमी के रूप में उभरा है. इसके पीछे प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत बड़ी ताकत है.
उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में निवेश आ रहा है और इसकी अर्थव्यवस्था भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड की तरह तेजी से आगे बढ़ रही है.


