मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंध्र प्रदेश में स्वर्ण भारत ट्रस्ट की 25वीं जयंती पर भारतीय सभ्यता, गांवों की भूमिका और ग्रामीण विकास पर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी आधुनिक तकनीक और वैश्विक अवसरों से जुड़े, लेकिन उसके हृदय में भारत और अपनी जड़ों से जुड़ाव बना रहे.

सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आंध्र प्रदेश में स्वर्ण भारत ट्रस्ट की 25वीं जयंती समारोह में भारतीय सभ्यता, गांवों की भूमिका और नए भारत में ग्रामीण विकास के प्रयासों पर विस्तार से अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि भारत की ताकत हमेशा उसके गांव रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में ग्रामीण भारत की भूमिका महत्वपूर्ण है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों तक गांव देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक व्यवस्था और संस्कृति के प्रमुख केंद्र रहे. उत्पादन, ज्ञान, जल संरक्षण, कला-शिल्प और सामाजिक मूल्यों की बुनियाद भी गांवों से ही मजबूत हुई.

उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों और औपनिवेशिक शासन के दौर में भारत की स्वावलंबी व्यवस्था कमजोर हुई. इसका प्रभाव अर्थव्यवस्था के साथ आत्मनिर्भरता और स्थानीय संस्थाओं पर भी पड़ा, जिससे ग्रामीण भारत की विकास यात्रा प्रभावित हुई.

नई पीढ़ी जड़ों से जुड़े

योगी आदित्यनाथ ने स्वर्ण भारत ट्रस्ट के ब्रिज स्कूलों और उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों राज्यों और भाषाओं में अंतर हो सकता है, लेकिन उनकी सोच एक जैसी है.

उन्होंने कहा कि इसकी प्रेरणा आदरणीय वेंकैय्या नायडू से मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रयास है कि नई पीढ़ी वैश्विक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े और अपनी जड़ों से भी जुड़ी रहे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के पास आधुनिक तकनीक हो, वे नई भाषाएं और तकनीक सीखें तथा वैश्विक अवसरों के लिए तैयार रहें. साथ ही उनके हृदय में भारत की भावना बनी रहनी चाहिए.

इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण

उत्तर प्रदेश के अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य देश का सबसे अधिक आबादी वाला प्रदेश है, जहां करीब 25 करोड़ लोग रहते हैं. उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश को एक राष्ट्र माना जाए तो यह दुनिया का छठा सबसे बड़ा देश होगा.

उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश घनी ग्रामीण आबादी वाला क्षेत्र है, जहां पहले गरीबी और इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारियां व्यापक थीं. इस मौसम में हर साल हजारों लोगों की मौत होती थी.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर से सांसद रहते हुए उन्होंने इंसेफ्लाइटिस के खिलाफ कई बार आवाज उठाई. वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद स्वच्छ भारत मिशन की घोषणा हुई, जिसका नेतृत्व वेंकैय्या नायडू ने किया.

उन्होंने कहा कि हर घर में शौचालय बनाए गए और उत्तर प्रदेश में ‘दस्तक अभियान’ के तहत डोर-टू-डोर काम किया गया. आज इंसेफ्लाइटिस को पूरी तरह नियंत्रित कर उसका उन्मूलन कर दिया गया है.

तकनीक से मजबूत गांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में गांवों की ताकत को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है. आज करीब 60 करोड़ भारतवासी जनधन खातों का लाभ ले रहे हैं और करोड़ों परिवारों को वित्तीय समावेशन का फायदा मिला है.

उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में भारत दुनिया को राह दिखा रहा है. इससे दुकानदारों को भी सुविधा मिली है और उन्हें खुले पैसे की चिंता नहीं रहती.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं को सम्मान के साथ पेंशन मिल रही है. वहीं, अन्नदाता किसानों तक डीबीटी के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पहुंच रही है.