मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ में योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य माहात्म्य पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ भाग-1, हृदयम (‘Krishna Avatar’ Part-1) के स्पेशल स्क्रीनिंग कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त अभिव्यक्ति देने वाली इस फिल्म से जुड़े कलाकारों को सम्मानित भी किया. फिल्म में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन ने मुख्य भूमिका निभाई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म देखने के बाद यूपी में टैक्स फ्री घोषित कर दिया. राजपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया.

सीएम योगी ने मंच पर कलाकारों का सम्मान भी किया. फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन बिहारी लाल की जय और भारत माता के जयकारे लगाए. उन्होंने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि आज मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्री पूरे मंत्रिमंडल के साथ इस अद्भुत कार्यक्रम में सहभागी बने. करीब ढाई घंटे तक सभी एक साथ यहां बैठे रहे और हर एक चेहरे पर नई रौनक दिखाई दे रही थी.

इसे भी पढ़ें : जल जीवन मिशन 2.0 से ग्रामीण इलाकों को मिलेगी राहत, शासन ने 28 हजार करोड़ रुपये किए आवंटित

बता दें कि ये फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की गई है. फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर हैं. फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं. जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा समेत कई बड़े कलाकार अपने किरदारों के जरिये छाप छोड़ने में सफल रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा और संस्कृति से जुड़ी भगवान श्री कृष्ण पर आधारित इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के साथ हम सभी यहां जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि फिल्म में मुख्य अभिनेत्री के रूप में सत्यभामा का किरदार निभाने वाली कलाकार का नाम भी संस्कृति है, जिन्होंने इस भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है.