संगति ही व्यक्तित्व का निर्माण करती है। आस-पास का वातावरण और वे लोग जिनके साथ समय बीतता है वही हमारे सोचने, समझने और निर्णय लेने की दिशा तय करते हैं। “Birds of a feather flock together” अंग्रेजी की यह कहावत इस सत्य को उजागर करती है कि समान स्वभाव, विचार और प्रवृत्ति वाले लोग स्वाभाविक रूप से एक-दूसरे को आकर्षित करते हैं। संगत का प्रभाव बहुत गहरा होता है। संगति साधारण व्यक्ति को महान बना सकती है और श्रेष्ठ व्यक्ति को पतित। हमारे शास्त्रों ने भी “सत्संग” की महिमा का गुणगान किया है। अच्छे लोगों का साथ हमारे विचारों को शुद्ध करता है, जीवन में सही मार्ग दिखाता है और हमें सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है।

बुरी संगति में चरित्र, आचरण, संस्कार, आदत, व्यवहार और मानवता के प्रति दृष्टिकोण, इन सभी में नकारात्मकता हावी होने लगती है। हालांकि यह परिवर्तन शैने-शैने होता है लेकिन इसका असर स्थायी और गहरा होता है। देखते ही देखते नकारात्मकता, आलस्य, क्रोध और अन्य दुर्गुण स्वभाव का हिस्सा बन जाते हैं।

एक लोक प्रचलित दोहा है “संगत कीजे साधु की, हरि कथा सुनिए नित। संगत कीजे दुष्ट की, तो नरक बसै चित।।” इसका तात्पर्य है हमें अच्छे, सज्जन और संत स्वभाव के लोगों की संगति करनी चाहिए और यथा सम्भव उत्तम विचारों के बीच रहना चाहिए। बुरे और दुष्ट लोगों की संगति हमारे मन (चित्त) को दूषित करता है और जीवन को नरक बना देता है।

आज सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया का प्रभाव काफ़ी बढ़ चुका है। इस दौर में संगत का दायरा केवल भौतिक नहीं बल्कि आभासी भी है। सोशल मीडिया में हम जिनसे प्रभावित होकर फॉलो करते हैं वे धीरे से हमारी संगति का हिस्सा बन जाते हैं। ऐसे में यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि हम अपने आसपास के लोगों और विचारधारा का चयन सोच-समझकर करें।

अच्छी और समान विचार धारा के लोगों की संगति प्रेरणा के साथ कठिन समय का सहारा भी बनती है। ऐसा कहा जाता है कि समान सोच वाले लोग ही मिलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी ला सकते हैं। “जैसी संगत, वैसा जीवन।” इसलिए संगति का चयन बहुत ही सावधानी से करना चाहिए, संगति ऐसी हो जो हमें ऊँचाई की ओर ले जाए, हमारे भीतर के श्रेष्ठ गुणों को उभार कर हमें एक बेहतर इंसान बनाए। सही संगति का चुनाव जीवन की सबसे बड़ी समझदारी है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H