Dharm Desk :-सभी धर्म में भोजन,अन्न को सम्मान देना सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है। भोजन बनाने वाले व्यक्ति का आदर करना, अन्न की बर्बादी से बचना और खाने से पहले ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ऐसी अच्छी आदतें हैं, जिन्हें दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। घर में रोजाना भोजन बनता है और परिवार के सभी सदस्य साथ बैठकर खाते हैं। कोई थाली में पहले रोटी रखता है, तो कोई चावल परोसकर भोजन करना शुरू करता है।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भोजन की थाली सजाने का तरीका भी किसी धार्मिक परंपरा से जुड़ा हो सकता है? भोजन की थाली में सबसे पहले चावल या सूखी रोटी रखने से बचने की सलाह दी जाती है। इस मान्यता के पीछे मृत्यु भोज और पितरों से जुड़ी परंपराओं का हवाला दिया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सामान्य भोजन की थाली में सबसे पहले क्या परोसना चाहिए।

मृत्यु भोज और चावल का क्या है संबंध
हिंदू परंपराओं में चावल का इस्तेमाल कई धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता है। पूजा-पाठ में अक्षत के रूप में चावल चढ़ाए जाते हैं, वहीं पितरों से जुड़े कर्मकांडों में भी चावल से बने पिंड का विशेष महत्व है। श्राद्ध और पिंडदान के दौरान चावल का इस्तेमाल दिवंगत व्यक्ति के निमित्त किए जाने वाले कर्मों में होता है। इसी वजह से कुछ क्षेत्रीय लोक-मान्यताओं में भोजन की थाली में सबसे पहले केवल चावल परोसने को मृत्यु भोज की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, यह नियम सभी हिंदू परिवारों और समुदायों में समान रूप से प्रचलित नहीं है। अलग-अलग क्षेत्रों में भोजन परोसने के तरीके भी अलग होते हैं।

पहले चावल रखने से घर में आती है अशांति
सामान्य भोजन करते समय सबसे पहले थाली में चावल रखने से घर में नकारात्मकता बढ़ सकती है। इससे परिवार के सदस्यों के बीच कलह होने और मां लक्ष्मी की कृपा कम होने जैसी बातें भी कही जा रही हैं। पारिवारिक परंपराओं में विश्वास रखने वाले लोग अपने घर के रीति-रिवाजों के अनुसार भोजन परोसना पसंद करते हैं।

थाली में सबसे पहले क्या परोसना चाहिए?
भोजन परोसने के तरीके को लेकर प्रचलित एक लोक-मान्यता के अनुसार, थाली में सबसे पहले सब्जी या मिठाई रखी जा सकती है। इसके बाद रोटी, चावल और दूसरे व्यंजन परोसे जाते हैं। हालांकि, इसे अनिवार्य धार्मिक नियम नहीं माना जाना चाहिए।