कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला के संदिग्ध मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। कंपू थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम में एक महिला का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तभी मुक्तिधाम कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर जांच शुरू कर दी।

मृतिका को बताया अपनी पत्नी

बताया जा रहा है कि महिला का लिव-इन पार्टनर योगेश उसे फरीदाबाद से ग्वालियर लाया था और बिना परिजनों को सूचना दिए अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में योगेश ने मृतिका को अपनी पत्नी बताया, लेकिन शादी से जुड़े दस्तावेज और मौत के कारणों को लेकर पुलिस की सख्ती के बाद उसने सच उगल दिया।

वर्ष 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे

जांच में सामने आया कि मृतिका मीनू की शादी भिंड निवासी रामचन्द्र चौहान से हुई थी। शादी के बाद मीनू और योगेश की दोस्ती प्यार में बदल गई थी और वर्ष 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक योगेश नर्सिंग वर्कर है और मीनू की तबीयत खराब होने पर वह घर पर ही उसका इलाज कर रहा था। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस को शक है। 

फिलहाल पुलिस ने योगेश को हिरासत में ले लिया है। अब मीनू के शव का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा, जिसके बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। कंपू थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m