कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर एक युवक को होटल के कमरे में बुलाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर 1 लाख 38 हजार रुपये ऐंठने का मामला प्रकाश में आया है। बदमाशों ने पीड़ित का निर्वस्त्र वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

ऐप पर ‘हरियाणा’ नाम की आईडी से बातचीत

पुलिस के मुताबिक, माधौगंज निवासी 28 वर्षीय नितिन ‘ग्रिंडर’ डेटिंग ऐप का उपयोग करता है। 8 अक्टूबर को ऐप पर ‘हरियाणा’ नाम की आईडी से उसकी एक युवक से बातचीत हुई, जिसने मिलने के बहाने उसे होटल ‘गोल्डन लीफ’ के कमरे नंबर 206 में बुलाया। जब नितिन होटल पहुंचा, तो राहुल नाम का युवक उसे कमरे में ले गया, जहाँ उसके चार अन्य साथी भी पहले से मौजूद थे। कमरे में पहुँचते ही पाँचों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर नितिन को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

खाते से पैसे ट्रांसफर और निर्वस्त्र वीडियो

बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए नितिन के कपड़े उतरवाए और उसका निर्वस्त्र वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे झूठे केस में जेल भेजने की धमकी दी गई। बदमाशों ने उसकी जेब से 8 हजार नकद और एसबीआई (SBI) का एटीएम कार्ड छीन लिया। एटीएम का पासवर्ड पूछकर खाते से 30 हजार रुपये निकाले गए, जबकि 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए गए। इसके बाद उसे कार में बैठाकर सिरोल ले जाया गया, जहाँ उससे 70 हजार रुपये और मांगे गए। बाद में उसे फिर से होटल लाकर छोड़ा गया और धमकी दी गई कि यदि बदनामी से बचना है, तो 70 हजार रुपये और देने होंगे।

हाल ही में जेल से छूटकर आए थे बदमाश

डरे-सहमे पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सोनू गुर्जर और हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर (निवासी सरायछोला, मुरैना) को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आए थे और जेल में ही उन्होंने इस तरह की ठगी की योजना बनाई थी। पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m