प्रतीक पटनायक, धमतरी। धमतरी के अर्जुनी थाना प्रभारी का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक और थाना प्रभारी के बीच बहस हो रहा है. वीडियो में युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने ऐसे किसी भी आरोप से इनकार किया है.
यह भी पढ़ें : Raipur Bank Fire : सेंट्रल बैंक में लगी आग, मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड टीम मौके पर मौजूद
मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन के पास का बताया जा रहा है. बीती रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच एक युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से आमदी की ओर जा रहा था. इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान गाड़ी की स्थिति और कागजात में विरोधाभास पाए गए, जिसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई और बहस शुरू हो गई.

वायरल वीडियो में युवक पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने की बात कहता नजर आ रहा है, वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, युवक स्थानीय निवासी नहीं है, और उसके नाम को लेकर भी अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है. युवक आमदी में किराये के मकान में रह रहा है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस का यह भी कहना है कि युवक अन्य भाषा में बातचीत कर रहा था, जिससे पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस मार्ग पर यह घटना हुई वहां पूर्व में लूटपाट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं, ऐसे में देर रात एक परिवार को सड़क पर घूमते देखकर सुरक्षा के मद्देनजर पूछताछ की गई थी. फिलहाल वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
वायरल वीडियो को लेकर अहम सवाल
मामले में कि इस वीडियो को देखकर कुछ सवाल उठ रहे हैं. क्या रात में डेढ़ बजे सुनसान इलाके में चेकिंग करनी चाहिए की नहीं? जिस क्षेत्र से बार-बार अपराध की खबरें आती है, वहां पाइंट लगाना चाहिए की नहीं? कोई टूटी हुई नंबर प्लेट के साथ आ रहा है, उसको रोकना चाहिए की नहीं? पुलिस को कैसे पता चलेगा कि वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ है? आखिर पुलिस कार्रवाई करे तो क्या करे? कार्रवाई करे तो भी प्रश्न है, और नहीं करे तो भी प्रश्न है.
पुलिस कर्मियों को शोकॉज नोटिस
धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार का कहना है घटना को लेकर दो विरोधाभाषी वीडियो दिख रहा है. एक वीडियो प्रार्थी के पक्ष का दिख रहा है, दूसरे वीडियो में प्राथी काफी उकसाते दिख रहा है. इस संबंध में वस्तुस्थिति जानने के लिए संबंधित पुलिस कर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

