महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद ही गंभीर अपराध का मामला सामने आया है. 19 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामले में चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं. जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमकर लौटे समय तलासारी इलाके में उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई. इस अपराध में युवती का बॉयफ्रेंड भी शक के घेरे में है.
आरोप है कि रास्ते से गुजर रहे युवकों ने बॉयफ्रेंड को धमकाकर भगा दिया और युवती को सुनसान डाक बंगले में ले गए. जहां पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.
तलासरी इलाके में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. घटना 9 अगस्त की है. पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड के साथ दोपहिया वाहन से उमरगांव बीच गई थी. वापस लौटते समय तलासरी के पास बाइक अचानक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर गए.
उसी समय मौके पर पहुंचे कुछ युवकों ने मदद करने के बजाय लड़की के बॉयफ्रेंड को धमकाकर उसे वहां से भगा दिया. आरोप है कि उसके बाद उन युवकों ने अपने दो और दोस्त को फोन करके बुला लिया. उसके बाद नजदीक के सुनसान खाली पड़े डाक बंगले पर पीड़िता को ले गए और सभी ने मिलकर गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस को पीड़िता के बॉयफ्रेंड पर शक है क्योंकि आरोपियों में से कुछ लड़के और पीड़िता का बॉयफ्रेंड एक दूसरे के परिचित थे. ऐसे में घटना में उसकी भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा युवती को अपने साथ ले जाने के बाद बॉयफ्रेंड ने तुरंत पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी? अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


