प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के दवा बाजार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवती पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। घायल युवती को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। नीलगंगा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस को दवा बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के कुछ फुटेज भी मिले है,  जिसमें चाकूबाजी की वारदात दर्ज हो गई है। 

READ MORE: मुहर्रम जुलूस में स्टंट पड़ा भारीः युवक के मुंह और गले के अंदर फैली आग, हालत गंभीर, वीडियो वायरल

नीलगंगा पुलिस ने बताया कि 19 वर्षीय पूजा उर्फ गुनगुन पुत्री रवि रजक, निवासी बापू नगर, दवा बाजार स्थित धर्मवीर सिंह की दयाल फार्मा एजेंसी पर पिछले आठ माह से कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार दोपहर करीब 12  बजे वह काम पर जाने के लिए दवा बाजार पहुंची थी। इसी दौरान दवा बाजार के गेट के पास सुनील नामक युवक ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

READ MORE: इंदौर में फूटा आत्महत्याओं का ‘सायलेंट बम’: 24 घंटे में लॉ और इंजीनियरिंग स्टूडेंट समेत 3 ने दी जान, शहर में बढ़ी चिंता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में युवती को कई गंभीर चोटें आई है। उसके सिर, गर्दन और पेट में घाव हुए है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई । सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल रवाना किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पड़ताल कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m