सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा अनुभाग अंतर्गत पिछोर थाना क्षेत्र से दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। गढ़ी गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक का आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया। बदमाशों ने गाड़ी में डालकर युवक के साथ कट्टे के बट और डंडों से बर्बरतापूर्वक मारपीट की तथा परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिजनों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दिए जाने पर पुलिस की बढ़ती दबिश देख आरोपी युवक को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।

कट्टे के बट और डंडों से बेरहमी से पिटाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी की है। पीड़ित युवक रंजीत जाट अपने खेत पर काम कर रहा था। तभी अचानक पहुँचे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में ठूंस लिया और अपने साथ ले गए। रास्ते में आरोपियों ने अवैध देशी अधिया कट्टे के बट और डंडों से रंजीत की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस खूनी हमले में युवक का सिर फट गया तथा आँखों और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर उसके परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

पुलिस की सक्रियता से बची जान, ग्वालियर रेफर

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पिछोर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर घेराबंदी और दबिश शुरू कर दी। पुलिस की गाड़ियों की आहट और घेराबंदी की सूचना मिलते ही बदमाश घबरा गए और घायल युवक को रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रंजीत को सिविल अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

अपहरण, बलवा और मारपीट का केस दर्ज

एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों का पूर्व में पीड़ित युवक के चाचा से विवाद और झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रंजीत का अपहरण कर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। पिछोर थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और फिरौती मांगने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m