हेमंत शर्मा, इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की बैठक खत्म होते ही शहर में सियासी पारा चढ़ गया। बैठक के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने अचानक बीजेपी कार्यालय के घेराव का ऐलान कर दिया। इसके बाद शुभ कार्य गार्डन से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय की ओर निकल पड़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें भंवरकुआं थाने के पास ही रोक लिया। कार्यकर्ताओं के रुकते ही मौके पर जमकर नारेबाजी हुई और देखते ही देखते प्रदर्शन ने संविधान बनाम मनुस्मृति के मुद्दे का रूप ले लिया।
BJP कार्यालय घेरने निकले कार्यकर्ता, पुलिस ने रास्ते में ही रोका\
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में संविधान की किताब लेकर बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस को पहले से इसकी जानकारी थी, लिहाजा भंवरकुआं थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जैसे ही कार्यकर्ता थाने के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही नारेबाजी शुरू कर दी और बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।

मनुस्मृति के चित्र जलाए, मोदी-भागवत के पोस्टर भी फाड़े
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति के चित्र जलाकर विरोध जताया। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत के पोस्टर भी कार्यकर्ताओं द्वारा फाड़े जाने की बात सामने आई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल लगातार कार्यकर्ताओं को समझाता रहा। बाद में प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया, लेकिन पुलिस ने साफ किया कि प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक बाधित होने को लेकर जो भी वैधानिक कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी।
यह देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं
Lalluram.com से बातचीत में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने संविधान की किताब हाथ में लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे संविधान लेकर बीजेपी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे और भाजपा को यह बताना चाहते हैं कि देश संविधान से चलेगा, उस किताब से नहीं जो जन्म से जातियों में भेद करती है। घनघोरिया ने मनुस्मृति को लेकर कहा कि इसमें महिलाओं के अधिकारों को लेकर ऐसी व्यवस्था बताई गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



