इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रुंझ और मझगाये डैम विस्थापितों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज और ग्राम टपरियन की ठप पड़ी बिजली व्यवस्था को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में हनुमतपुर पुलिस चौकी का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गया जब यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं का गंभीर आरोप है कि बीते 27 सितंबर की रात पुलिस और प्रशासनिक अमले ने कुंवरपुर एवं रुंझ विस्थापित क्षेत्र में बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए बेकसूर महिलाओं, बुजुर्गों और मासूम बच्चों पर डंडे बरसाए। इसके अलावा ग्राम टपरियन में कई दिनों से बिजली काटकर ग्रामीणों को अंधेरे में रहने पर मजबूर किया जा रहा है।
एसडीएम और थाना प्रभारी अजयगढ़ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए यूथ कांग्रेस ने मांग की है कि मारपीट करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, गांव की बिजली बहाल हो और बिना पूर्ण मुआवजे के विस्थापितों को बेदखल न किया जाए। यूथ कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वे पुलिस थाने पर कब्जा कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

