कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। कटंगी क्षेत्र के पुराना बेलखेड़ा में बिना किसी वैध लाइसेंस और डॉक्टर के धड़ल्ले से संचालित हो रहे एक अवैध क्लीनिक में इलाज के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक को एक्सपायरी डेट की ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ा दी गई थी, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लीनिक की संचालक सरिता साहू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

बिना डिग्री और रजिस्ट्रेशन के चल रहा था क्लीनिक

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी सरिता साहू बिना किसी मेडिकल रजिस्ट्रेशन या डिग्री के गैरकानूनी तरीके से क्लीनिक चला रही थी। इतना ही नहीं, करीब 6 महीने पहले भी इस अवैध क्लीनिक पर छापा मारा जा चुका है, इसके बावजूद यहां धड़ल्ले से मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा था।

जांच में मिली एक्सपायरी दवाइयां और अबॉर्शन किट

युवक की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने जब क्लीनिक पर संयुक्त रूप से छापा मारकर जांच की, तो वहां का हाल देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। क्लीनिक के भीतर भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट की दवाइयां और इंजेक्शन बरामद किए गए।

इसके अलावा, मौके से एक अबॉर्शन किट भी मिली थी, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यहां अवैध रूप से गर्भपात कराने का काम किया जा रहा था। जांच के बाद प्रशासनिक टीम ने तत्काल प्रभाव से इस अवैध क्लीनिक को सील कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m