राजकुमार दुबे, भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में आज सुबह उस वक्त हड़कंप का माहौल बन गया, जब 13 वर्षीय बालक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। इसी के साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी।

ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर हुई मौत

यह पूरा मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी का है। मृतक की पहचान अमन कुलदीप के रूप में हुई है। रविवार सुबह अंतागढ़ से रायपुर की ओर जा रही यात्री ट्रेन जब गांव के पास से गुजर रही थी, तभी अमन ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

आखिरी बार दोस्तों के साथ दिखा था अमन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंडरीपानी में राम सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे तक अमन को अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम स्थल पर देखा गया था। इसके बाद वह कब और किन परिस्थितियों में रेलवे पटरी तक पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

बुझा घर का एकलौता चिराग

बताया जा रहा है कि अमन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H