छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दिल दहलाने वाला हादसा हो गया। जहां होटल परिसर में बंदर भगाना एक युवक की मौत की वजह से बन गया। युवक हाईटेंशन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक ने 5 दिन पहले ही नौकरी ज्वाइन की थी।
मृतक प्रदीप रैकवार उर्फ रानू रैकवार बमीठा स्थित खजुराहो हेरिटेज होटल में रूम बॉय का काम करता था। आज होटल परिसर में एक बंदर घुस गया जिसे वह भगाने की कोशिश करने लगा। आसपास देखने पर उसे एक लोहे का बड़ा पाइप मिला जिसे उठाकर वह बंदर को भगाने लगा। पाइप ऊपर करते ही वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही तेज चिंगारी उठी और युवक जमीन पर गिर गया। कमरे से कुछ लोग निकले और मंजर देखते ही उनकी चीखें निकल गई। सबसे दुखद बात यह थी कि वह 5 दिन पहले ही होटल में काम पर लगा था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

