अभिषेक सेमर, तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक पर शेरनी ने हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। यह पूरा मामला जुनापारा चौकी क्षेत्र के ग्राम बांधा का है।

पढ़िए पूरी खबर

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत बांधा का रहने वाला धरम दास घृतलहरे (25) जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बास से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेरनी ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शेरनी ने उसके शरीर को भी नुकसान पहुंचाया।

जंगल की ओर ना जाने की सलाह

सबसे चिंता की बात यह बताई जा रही है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद है। ऐसे में ग्रामीणों में वन्यजीव के हमले को लेकर डर बढ़ गया है और लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई है, जबकि वन विभाग की टीम द्वारा भी क्षेत्र का जायजा लेने और स्थिति पर नजर रखने की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना और वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m