Rajasthan Desk, अजमेर। राजस्थान के अजमेर के कायड़ रोड स्थित जय अंबे पार्क कॉलोनी में सहकारिता विभाग के अधीन संचालित आश्रम से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मंगलवार देर रात आश्रम में ही रहने वाले 20 वर्षीय युवक आमीन ने अपने 40 वर्षीय साथी हुंकार के सिर पर लोहे के सरिए से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

वारदात के बाद आश्रम प्रबंधन ने घायल को गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आमीन को हिरासत में ले लिया।

आश्रम के मैनेजर पारस मेघवाल की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार सुबह सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया। इस दौरान फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और मोड्स ऑपरेंडी ब्यूरो (MOB) की टीमों ने मौके से वारदात में प्रयुक्त लोहे के सरिए सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि दोनों के बीच हुए विवाद के मुख्य कारणों का खुलासा किया जा सके और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m