तनवीर खान, मैहर। जिले के अमरपाटन में ऑनलाइन गेम फ्री फायर (Free Fire) के जरिए हुई दोस्ती के बाद 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर गुजरात से मध्यप्रदेश लाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में गुजरात पुलिस ने शनिवार को अमरपाटन में दबिश देकर 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अहमदाबाद में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है।

गेम खेलते हुए किशोरी को हुआ इश्क

जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद निवासी 15 वर्षीय किशोरी की पहचान Free Fire गेम खेलने के दौरान अमरपाटन निवासी शिव शांत (20 वर्ष) से हुई थी। गेम के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में दोनों ने मोबाइल नंबर लेकर WhatsApp पर संपर्क करना शुरू किया।

रीवा ले जाकर कई दिनों तक किया रेप

पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2025 में आरोपी युवक अहमदाबाद पहुंचा और किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ मध्यप्रदेश ले आया। इसके बाद उसे रीवा में किराए के कमरे में रखा गया, जहां आरोपी पर किशोरी के साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करने का आरोप है।

परिजनों की शिकायत के बाद बरामद हुई किशोरी

किशोरी के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने अहमदाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने किशोरी को रीवा से बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी तभी से फरार चल रहा था।

गिरफ्तार कर अहमदाबाद ले गई पुलिस

आरोपी की तलाश में गुजरात पुलिस शनिवार को मैहर जिले के अमरपाटन पहुंची है। पाटन पुलिस की मदद से आरोपी शिव शांत को गिरफ्तार कर लिया गया जिसके बाद गुजरात पुलिस उसे अपने साथ अहमदाबाद ले गई।

पॉक्सो एक्ट में हुई कार्रवाई

अहमदाबाद पुलिस के सब इंस्पेक्टर वीएम मकवाना ने बताया कि पीड़िता अहमदाबाद की रहने वाली है, जबकि आरोपी अमरपाटन का निवासी है। दोनों की पहचान Free Fire गेम के माध्यम से हुई थी। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर गुजरात ले जाया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m