शशांक द्विवेदी, राजनगर (छतरपुर) छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपट गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या कर लेने के मामले में क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। मृतक देवीदीन कुशवाहा ने फांसी लगाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया था। 

तीन दिन पहले फांसी लगाने के प्रयास के बाद युवक को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने शव को पिकअप वाहन में लादकर राजनगर थाने पहुंचकर पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। परिजनों ने थाने के सामने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।

परिजनों का आरोप

परिजनों का कहना है कि देवीदीन ने सोशल मीडिया वीडियो में कुछ लोगों का नाम लेकर उनके द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण युवक की मौत हो गई।

पुलिस की प्रतिक्रिया

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित वीडियो समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m