हांसी। हरियाणा के हांसी में शनिवार दोपहर को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सिंह कॉलोनी में रहने वाले 35 वर्षीय मनदीप की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मनदीप अपने घर की छत पर मिट्टी डालने का काम कर रहा था। तभी ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

अस्पताल ले जाते ही निकली जान

हादसे के तुरंत बाद परिजन और पड़ोसी मनदीप को गंभीर हालत में हांसी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

बिजली विभाग पर फूटा परिजनों का गुस्सा

स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हादसा पूरी तरह से बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। परिजनों ने बताया कि हाल ही में आए तूफान के बाद से ही इलाके के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी ढीली हो गई थीं। वे मकानों के ऊपर खतरनाक तरीके से झूल रही थीं। उनका कहना है कि इस बाबत बिजली विभाग को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते तारों की मरम्मत नहीं की।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मनदीप अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। उसकी सबसे बड़ी बेटी की उम्र महज 7 साल है। मनदीप घर का एकमात्र सहारा था। वह शटरिंग का काम करके अपने परिवार का पेट पाल रहा था। अचानक हुए इस हादसे से न केवल उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, बल्कि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।