अजयारविंद नामदेव, शहडोल। कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर देशभर में बनी अनिश्चितता का असर अब मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में भी साफ दिखाई देने लगा है। शहडोल में पेट्रोल-डीजल की किल्लत अब सिर्फ लोगों की परेशानी नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती जा रही है।

बोतल में पेट्रोल भरवाने को लेकर ऐसा बवाल मचा कि पेट्रोल पंप पर जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। कुछ युवकों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, मारपीट की और सुरक्षा उपकरणों तक को हथियार बनाने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: ‘रन फॉर ओटीएफ’ मैराथन: जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेसी हुए शामिल, वन टाइम फीस की मांग

क्या है पूरा मामला?

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रायजादा एंड सन पेट्रोल पंप का है। जहां बोतल में पेट्रोल देने से मना किए जाने पर कुछ युवकों ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पेट्रोल पंप कुछ देर के लिए रणभूमि में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे लेकिन सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने पेट्रोल देने से मना कर दिया और युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर धावा बोल दिया।

चप्पल और अग्निशमन यंत्र से हमला

युवकों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि आक्रोशित युवकों ने कर्मचारियों को चप्पलों से पीटा और मौके पर मौजूद अग्निशमन सुरक्षा उपकरण उठाकर हमला करने का भी प्रयास किया।

घटना का वीडियो हो रहा है वायरल, पुलिस ने दर्ज की शिकायत

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते और पेट्रोल पंप पर उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ख), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़ें: माथे पर त्रिपुंड, गले में रुद्राक्ष की माला… हिंदू युवती के साथ महाकाल मंदिर पहुंचा ‘सरफराज’, लोगों ने किया ऐसा हाल

ईंधन की कमी से कई पेट्रोल पंप हैं बंद

शहडोल में इस वक्त कई पेट्रोल पंप तेल की कमी के कारण बंद हैं, जिससे हाहाकार मचा है। मजबूरी में लोग बोतलों और डिब्बों में ज्वलनशील ईंधन भरकर ले जा रहे हैं। जो कभी भी किसी बड़े हादसे या विस्फोट को दावत दे सकता है। संकट तेल का जरूर है लेकिन शहडोल की इस घटना ने जता दिया है कि असली संकट हमारे भीतर के अनियंत्रित गुस्से का है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m