Yuvraj Bamaniya Gold Medal : भिवानी। खेलों की नर्सरी के नाम से मशहूर मिनी क्यूबा भिवानी के खिलाड़ी युवराज बामणिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित 25वीं जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप में युवराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। उनकी इस उपलब्धि से भिवानी के साथ पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ा है।
युवराज ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में राजस्थान के खिलाड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खिताबी मुकाबले में दिल्ली के खिलाड़ी को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच यह जीत हासिल करना युवराज की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
शहर की कवि सूरजभान अजायब कॉलोनी निवासी युवराज की इस सफलता से परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनके पिता एवं कोच भारत सूरजभान ने बताया कि यह उपलब्धि युवराज की लंबे समय से की जा रही मेहनत और नियमित अभ्यास का नतीजा है। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले से ही उसने बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास के साथ खेल का प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि युवराज की जीत ने एक बार फिर साबित किया है कि भिवानी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ी अपनी मेहनत और हुनर के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
युवराज के स्वर्ण पदक जीतने की खबर मिलते ही कवि सूरजभान अजायब कॉलोनी सहित पूरे भिवानी में खुशी की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर उनके चाचा अनिल कुमार, आनंद, दादी माया, मां शीला, चाची सोनिया, ताई बबली, पूनम, भाई सचिन, राम, देवा, यश, जतिन और बहन पायल व सीनू सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। सभी ने युवराज और उनके पिता एवं कोच भारत सूरजभान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवराज की यह सफलता क्षेत्र के दूसरे उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

