Yuzvendra Chahal Viral Video: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल एक बार फिर अपने मजाकिया अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सड़क किनारे बैठकर भीख मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी नजर आ रहे हैं, जो चहल को इस हालत में देखकर फटकार लगाते हुए दिखाई देते हैं।

हालांकि, वीडियो की असलियत कुछ और ही है। यह कोई वास्तविक घटना नहीं, बल्कि चहल और धवन द्वारा बनाया गया एक मनोरंजक कॉमेडी वीडियो है, जिसे दोनों खिलाड़ियों ने इंस्टाग्राम पर कोलैब पोस्ट के रूप में साझा किया है।

धवन ने पूछा- शर्म नहीं आती?

वायरल वीडियो में युजवेंद्र चहल सड़क किनारे बैठकर भिखारी की एक्टिंग करते नजर आते हैं। इसी दौरान शिखर धवन वहां पहुंचते हैं और मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “शर्म नहीं आती है, रोड पर बैठकर पैसे मांगते हो।”

धवन की इस बात पर चहल भी अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहते हैं, “तो आपके 10 रुपये के लिए मैं ऑफिस खोल लूं?” दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई यह मजेदार बातचीत सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रही है।

पहले भी बना चुके हैं ऐसे फनी वीडियो

यह पहली बार नहीं है जब युजवेंद्र चहल और शिखर धवन ने इस तरह का मनोरंजक कंटेंट साझा किया हो। दोनों खिलाड़ी अक्सर सोशल मीडिया पर फनी रील्स और कॉमेडी वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। क्रिकेट मैदान के बाहर उनकी दोस्ती और मस्ती भरे वीडियो फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे चहल

हाल ही में संपन्न हुए IPL 2026 सीजन में युजवेंद्र चहल पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने सीजन में 14 मैच खेले और 12 पारियों में 12 विकेट अपने नाम किए। हालांकि उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन उन्होंने टीम के लिए अहम मौकों पर योगदान दिया।

करीब तीन साल से टीम इंडिया से बाहर

युजवेंद्र चहल लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अगस्त 2023 में खेला था। इसके बाद से उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका नहीं मिला है। बावजूद इसके वह घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार सक्रिय हैं।

ऐसा रहा है अंतरराष्ट्रीय करियर

चहल भारत के सबसे सफल व्हाइट बॉल स्पिनरों में गिने जाते हैं। उन्होंने अब तक 72 वनडे मैचों में 121 विकेट हासिल किए हैं। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 42 रन रहा है।

वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चहल ने 80 मैच खेले हैं और 96 विकेट अपने नाम किए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 25 रन रहा है। टी20 में उनका इकॉनमी रेट 8.19 का रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में चयनकर्ता एक बार फिर चहल को टीम इंडिया में मौका देते हैं या नहीं। फिलहाल उनका यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H