Zaheer Khan becomes Co-owner of Anchor Jaffna Kings: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नई पारी की शुरुआत की है। जहीर खान ने लंका प्रीमियर लीग (LPL) की सबसे सफल टीम जाफना किंग्स में हिस्सेदारी खरीदकर उसके सह-मालिक (Co-owner) बन गए हैं। इस अधिग्रहण के बाद फ्रेंचाइजी का नाम बदलकर ‘एंकर जाफना किंग्स’ (Anchor Jaffna Kings) कर दिया गया है।

स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी (Anchor Sports AB) ने जाफना किंग्स का अधिग्रहण किया है। 4 अगस्त को यह डील आधिकारिक रूप से पूरी हुई। इसके बाद जहीर खान ने एंकर स्पोर्ट्स के मालिक नागेंद्र सिद्दौतम के साथ मिलकर टीम के सह-मालिक के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली।

पहले भी कई टीमों का मालिक है एंकर स्पोर्ट्स

यह पहली टी20 फ्रेंचाइजी नहीं है, जिसमें एंकर स्पोर्ट्स ने निवेश किया है। इससे पहले कंपनी यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग की एंटवर्प एंकर्स और कनाडा सुपर-60 लीग की वैंकूवर एंकर्स की पुरुष और महिला दोनों टीमों का मालिकाना हक हासिल कर चुकी है।

LPL की सबसे सफल टीम है जाफना किंग्स

जाफना किंग्स लंका प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल टीम मानी जाती है। लीग की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी और अब तक खेले गए पांच सीजन में टीम चार बार चैंपियन बन चुकी है। वर्ष 2025 में लीग का आयोजन नहीं हुआ था।

LPL 2026 में भी एंकर जाफना किंग्स शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मैचों में 5 जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही और सीधे क्वालिफायर-1 में पहुंच गई है। क्वालिफायर-1 में उसका मुकाबला गाले जायंट्स से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। फाइनल मुकाबला 8 अगस्त को कोलंबो में खेला जाएगा।

पीयूष चावला भी रह चुके हैं टीम का हिस्सा

भारतीय लेग स्पिनर पीयूष चावला भी लंका प्रीमियर लीग में जाफना किंग्स की ओर से खेल चुके हैं। हालांकि उन्हें केवल दो मैच खेलने का मौका मिला, जिनमें उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए।

श्रीलंकाई क्रिकेट से जुड़कर उत्साहित हैं जहीर खान

सह-मालिक बनने के बाद जहीर खान ने कहा कि उन्होंने हमेशा श्रीलंका के गेंदबाजी प्रतिभा की गुणवत्ता और विविधता की सराहना की है।

उन्होंने कहा, “मैंने श्रीलंका में काफी क्रिकेट खेला है और यहां से मेरी कई अच्छी यादें जुड़ी हैं। अब एक सह-मालिक के तौर पर श्रीलंकाई क्रिकेट का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद रोमांचक है। मैं एंकर जाफना किंग्स के साथ इस नई यात्रा की शुरुआत को लेकर उत्साहित हूं।”

भारतीय दिग्गजों का बढ़ रहा निवेश

जहीर खान ऐसे पहले भारतीय क्रिकेटर नहीं हैं जिन्होंने किसी फ्रेंचाइजी में निवेश किया हो। उनसे पहले भी कई भारतीय दिग्गज विभिन्न लीगों की टीमों के मालिक या निवेशक बन चुके हैं।

राहुल द्रविड़ – डबलिन गार्डियंस (यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग)

सचिन तेंदुलकर – शिकागो स्टार्स (नेशनल क्रिकेट लीग)

युवराज सिंह – कोलंबो सुपरस्टार्स स्ट्राइकर्स (श्रीलंका प्रीमियर लीग) और न्यूयॉर्क फ्रेंचाइजी (अबू धाबी टी10)

क्रिस गेल – वेस्टइंडीज मास्टर्स (इंटरनेशनल मास्टर्स लीग)

इसके अलावा सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, सुरेश रैना और संजू सैमसन फुटबॉल और हॉकी जैसी अन्य खेल लीगों की टीमों में भी निवेश कर चुके हैं।

लीग को मिलेगा बड़ा फायदा

लंका प्रीमियर लीग के टूर्नामेंट डायरेक्टर सामंथा डोडनवेला ने जहीर खान के टीम से जुड़ने का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जैसे अनुभवी और सम्मानित क्रिकेटर का लीग से जुड़ना पूरे टूर्नामेंट के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जहीर का अनुभव युवा खिलाड़ियों के विकास और लीग की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H