कैथल। हिंद मार्केट में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शादी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट बनाने के नाम पर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एक अटल सेवा केंद्र संचालक को रंगे हाथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपी का नाम विकास है। ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को कैमिकल लगे नोटों के साथ मौके पर ही पकड़ लिया। फिलहाल टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

25 दिनों से चक्कर काट रहा था पीड़ित

गांव मानस के रहने वाले प्रदीप कुमार ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रदीप ने बताया कि वह पिछले करीब 25 दिनों से अपना मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने के लिए अटल सेवा केंद्र के चक्कर काट रहा था। उसने सर्टिफिकेट के लिए जरूरी सभी कागजात भी जमा कर दिए थे। इसके बावजूद संचालक विकास जानबूझकर उसका काम अटका रहा था और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर उसे वापस भेज देता था।

22 हजार मांगे, 20 हजार में तय हुआ सौदा

पीड़ित के मुताबिक आरोपी विकास ने काम करने के बदले पहले 22 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। काफी मिन्नतें करने के बाद दोनों के बीच 20 हजार रुपए में बात पक्की हुई। विकास की इस मनमानी और घूसखोरी से परेशान होकर प्रदीप ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम से संपर्क किया और लिखित शिकायत दे दी।

विशेष पाउडर लगे नोट देकर बिछाया जाल

शिकायत मिलते ही जांच टीम हरकत में आई और आरोपी को पकड़ने के लिए एक खास प्लान बनाया। टीम ने पीड़ित को विशेष कैमिकल पाउडर लगे हुए 20 हजार रुपए देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही प्रदीप ने वह पैसे संचालक विकास को थमाए, वैसे ही आसपास सादे कपड़ों में तैनात टीम ने उसे दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही आरोपी के हाथ लाल हो गए और उसकी चोरी पकड़ी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m