अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा सरकार ने ग्रामीण विकास को गति देते हुए बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के आदर्श गांव सुई के लिए 8 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की इस घोषणा से गांव में वर्षों से चली आ रही पेयजल और जल निकासी की समस्याओं के स्थायी समाधान का रास्ता साफ हो गया है।
एचआर मंच ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
सरकार की इस घोषणा पर एचआर मंच के डायरेक्टर अंकुश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय गांव के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण स्वच्छ पेयजल और जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे, जिसका अब स्थायी समाधान हो सकेगा।
पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत
स्वीकृत राशि से गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। वर्षों पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों को बदला जाएगा, जिससे दूषित पानी और पानी की बर्बादी की समस्या खत्म होगी। साथ ही जल वितरण प्रणाली को भी आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि सभी घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
जलभराव से मिलेगी राहत
बरसात के दौरान गांव की गलियों में होने वाले जलभराव को रोकने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और नई नालियों का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
‘सबका साथ, सबका विकास’ की मिसाल
अंकुश शर्मा ने कहा कि सुई गांव हमेशा से आदर्श गांव के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई थी। मुख्यमंत्री द्वारा एकमुश्त 822.75 लाख रुपये की मंजूरी यह दर्शाती है कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से गांव के लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

