अजय सैनी, भिवानी। आपातकाल को लेकर केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिए गए एक विवादित बयान ने देश और प्रदेश की सियासत में नया भूचाल ला दिया है। मनोहर लाल ने अपने हालिया बयान में देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी, संजय गांधी और आधुनिक हरियाणा के निर्माता व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें आपातकाल के तीन दलाल कह डाला।
केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रदेश सचिव अधिवक्ता कर्मवीर सिंह नूनिया ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इस बयान को बेहद निंदनीय, ओछी मानसिकता का परिचायक और दिवंगत राष्ट्रीय नेताओं का घोर अपमान करार दिया है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का यह बयान पूरी तरह से अलोकतांत्रिक
प्रेस को जारी बयान में एडवोकेट कर्मवीर सिंह नूनिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का यह बयान पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और राष्ट्रीय गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री सत्ता के अहंकार में इस कदर चूर हो चुके हैं कि उन्हें अब राजनीतिक और सामाजिक मर्यादा का भी होश नहीं रहा है। जो नेता इस दुनिया में नहीं हैं और जिन्होंने देश व प्रदेश के विकास में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके लिए इस तरह के अमर्यादित अपशब्दों का प्रयोग करना भाजपा की राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को साफ दर्शाता है।
पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल ने हरियाणा में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए
अधिवक्ता कर्मवीर सिंह ने देश और प्रदेश के निर्माण में तीनों दिवंगत नेताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि आधुनिक भारत के निर्माण में स्वर्गीय इंदिरा गांधी और संजय गांधी ने जो कड़े और दूरगामी फैसले लिए, उसी बदौलत आज देश इस मुकाम पर खड़ा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल ने हरियाणा में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए, जिसके चलते उन्हें हरियाणा का निर्माता भी कहा जाता है।
सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए
उन्होंने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की सड़क छाप और स्तरहीन भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि मनोहर लाल को अपने इस अमर्यादित बयान के लिए तुरंत देश और हरियाणा की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चंदा चोरी मामले के आरोपियों के घर पर रेड, टीम की जांच जारी

