ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह भारतीय जवानों के नाम सार्वजनिक होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर एक वर्ष तक शहीदों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने और उनके बलिदान को उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया है। वहीं, रक्षा मंत्रालय और भाजपा ने इन आरोपों को भ्रामक बताते हुए विपक्ष पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कहा, ‘सरकार ने इन जवानों की शहादत एक साल तक सार्वजनिक नहीं की। उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।’ उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए एक बयान का वीडियो X पर शेयर किया। इसमें राजनाथ सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। खेड़ा ने कहा, ‘दो ही संभावनाएं हैं। या तो रक्षा मंत्री को उस समय छह जवानों की शहादत की जानकारी नहीं थी या उन्होंने संसद को गुमराह किया। दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं।’ उधर, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राजनाथ के संसद में दिए गए बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय की सफाई
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि रक्षा मंत्री के बयान को संदर्भ से काटकर पेश किया गया। मंत्रालय के अनुसार, राजनाथ सिंह का जवाब उन दावों का खंडन करने के लिए था, जिनमें कहा जा रहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के पायलट मारे गए थे। मंत्रालय ने यह भी कहा कि शहीद जवानों को पूरा सम्मान दिया गया और उनके नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज हैं।
भाजपा का विपक्ष पर पलटवार
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने विपक्ष से माफी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उसने महीनों तक झूठा प्रचार किया और रक्षा मंत्री के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों को सभी निर्धारित सुविधाएं और सम्मान उपलब्ध कराया है।
ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। सरकार के अनुसार, इस अभियान में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। बाद में 10 मई को भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

