हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उसके कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर भी मामला गरमा गया है। जीवन कुंडू न्याय कमेटी के सदस्य शमशेर सिंह नंबरदार ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी रमेश का उचाना विधायक देवेंद्र अत्री के परिवार से संबंध है और इसी वजह से उसे राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। हालांकि विधायक देवेंद्र अत्री इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं। दूसरी तरफ पुलिस ने आज दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 6 हो गई है। इसके बावजूद आंदोलनकारी संगठनों ने 14 अगस्त को हरियाणा में टोल और हाईवे जाम करने का फैसला बरकरार रखा है।

जीवन कुंडू की हत्या के दस दिन बाद भी मुख्य आरोपी रमेश पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इसी बीच गुरुवार को जीवन कुंडू न्याय कमेटी के सदस्यों की आईजी हिसार रेंज कुलदीप सिंह के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद शमशेर सिंह नंबरदार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में राजनीतिक संरक्षण का गंभीर आरोप लगाया।

शमशेर नंबरदार ने दावा किया कि मुख्य आरोपी रमेश और उचाना विधायक देवेंद्र अत्री एक ही परिवार से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी राजनीतिक प्रभाव के कारण मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। हालांकि देवेंद्र अत्री का कहना है कि हत्याकांड में अगर उनके सगे भाई या बेटे भी शामिल होते तो वे उनकी भी पैरवी नहीं करते।

शमशेर ने आईजी के साथ हुई बैठक को भी बेनतीजा बताया और कहा कि कमेटी के सामने ऐसा कोई ठोस आश्वासन नहीं आया, जिसके आधार पर आंदोलन वापस लिया जा सके।